ढाका : बांग्लादेश में खसरे के प्रकोप ने गंभीर रूप ले लिया है, जहां पिछले 24 घंटों के दौरान सात और बच्चों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,378 हो गई है। देश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने यह ताजा आंकड़ा जारी किया है।
आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, गत 15 मार्च के बाद से हुई कुल मौतों में 1,272 को संदिग्ध खसरे से जुड़ी मौतों के रूप में दर्ज किया गया है, जबकि 106 मामलों की पुष्टि प्रयोगशाला जांच से हुई है। इसी अवधि में 1,273 नए संदिग्ध मामले सामने आने के बाद देशभर में कुल मामलों का आंकड़ा 2,62,808 तक पहुंच गया है। डीजीएचएस के अनुसार, 15 मार्च के बाद से 2,35,482 संदिग्ध रोगियों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से 2,26,440 लोग उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकोप का सबसे अधिक असर छोटे बच्चों और उन लोगों पर पड़ा है जो नियमित टीकाकरण से वंचित रह गए। खसरा बेहद संक्रामक बीमारी है, जिससे निमोनिया, तेज दस्त और एन्सेफलाइटिस जैसी जानलेवा जटिलताएं हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, टीकाकरण से प्रभावी बचाव संभव है, लेकिन बड़ी संख्या में बच्चों के टीकाकरण से छूट जाने या निर्धारित दो खुराकों में से केवल एक ही खुराक मिलने की स्थिति में संक्रमण तेजी से फैलता है।